तेलंगाना: ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी, 15 लोगों की मौत

Sunday, Jun 24, 2018 - 09:46 PM (IST)

हैदराबाद: तेलंगाना के यदाद्री जिले में रविवार को एक ट्रैक्टर - ट्रॉली के नहर में गिरने से खेतिहर मजदूर महिलाओं सहित 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 10 अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। सुबह लगभग 10 बजे जिले के वलीगोंडा मंडल में नंदनम गांव के निकट मूसी नदी नहर में ट्रैक्टर ट्रॉली गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल से फरार हो गए चालक को पकडऩे के लिए एक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। 

जिला राजस्व अधिकारी रवुला महेन्द्र रेड्डी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया , ‘‘ उसके पकड़े जाने और पूछताछ के बाद ही हादसे के कारण के बारे में पता चल सकेगा। ’’ रेड्डी ने मीडिया को बताया कि ट्रॉली में कुल 28 लोग सवार थे जिसमें से अधिकांश महिलाएं थी।      

Punjab Kesari

Advertising