सात राज्यों के पुलिस अधिकारियों के दल ने की भट्ट से मुलाकात

Monday, Apr 03, 2017 - 09:17 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सात राज्यों के चौदह सदस्यीय पुलिस अधिकारियों के दल ने सोमवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण के तौर तरीके एवं अभय कमाण्ड सेंटर के बारे में जानकारी ली। पश्चिम बंगाल, आंंध्रप्रदेश, मिजोरम, तेलंगाना, अरूणाचल प्रदेश, असम एवं सिक्किम राज्यों के इण्डक्शन कोर्स पर भारत भ्रमण के लिए राजस्थान में चार दिवसीय दौरे पर आए भारतीय पुलिस सेवा के चार उप महानिरीक्षकों तथा दस पुलिस अधीक्षकों ने पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक मनोज भट्ट से मुलाकात की।

इस अवसर पर श्री भट्ट ने राजस्थान में पुलिस व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के अपराधों में बड़ी तेजी से कमी आई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पुलिस ने बंदोबस्त का नया सॉफ्टवेयर भी अभी हाल में ही लागू किया है, इससे पूरे प्रदेश में पुलिस बंदोबस्त में काफी आसानी हुई है। उन्होंने बताया कि हाल ही अजमेर में उर्स के दौरान इस सॉफ्टवेयर की मदद से भीड़ को नियंत्रित करने में काफी सुविधा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह नया सॉफ्टवेयर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था एन.आर. के. रेड्डी के निर्देशन में तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभय कमांड सेन्टर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही शुरू हो जाती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जून माह तक राज्य के अन्य छह संभागीय मुख्यालयों के पश्चात जिला मुख्यालयों पर इसे चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस केन्द्र के माध्यम से अपराध नियंत्रण के साथ यातायात प्रबंधन सहित सामान्य प्रशासन में भी मदद मिलेगी।  
 

Advertising