ब्लूव्हेल गेम के जाल में दक्षिण भारत का ये बच्चा भी फंसने जा रहा था, बची जान

Saturday, Sep 09, 2017 - 11:24 PM (IST)

नई दिल्लीः देशभर में ब्लूव्हेल गेम का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके चलते राज्य सरकारें अपने अपने स्तर पर इससे बच्चों की सुरक्षा के उपायों में लगी हुई हैं। इसी का नतीजा है कि दक्षिण भारत के तमिलनाडु में पुलिस की सतर्कता के चलते एक बच्चों को ब्लूव्हेल गेम के जंजाल में फंसने से बचा लिया गया। 

मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर का है। यहां के अन्नूर से पुलिस ने शनिवार को 10वीं कक्षा के एक छात्र को खतरनाक ब्लू व्हेल गेम खेलने से तब बचा लिया जब वह इस गेम को लगभग डाउनलोड करने के कगार पर था। 

इस ऑनलाइन गेम के चलते देश सहित दुनियाभर में लगातार बच्चों की जानें जा रही हैं। समाचार एजेंसी के मुताबिक, 14 वर्षीय लड़के के माता पिता को जैसे ही इसकी सूचना मिली उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। 

पुलिस ने बताया कि लड़के के घर से सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लड़के को गेम के खतरनाक परिणामों से अवगत कराया तथा उसे अपने मोबाइल से इस गेम को डिलीट करने के लिये राजी कर लिया। 

उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूल में पढऩे वाले लड़के ने भविष्य में कभी भी इस गेम को डाउनलोड नहीं करने का वादा किया। बता दें, इस खतरनाक गेम में कई टास्क दिए जाते हैं और अंतिम टास्क में व्यक्ति को अपनी जान देने के लिए कहा जाता है। 

Advertising