जयललिता के 75 दिन के इलाज में आया था 6.85 करोड़ रुपए का बिल, सिर्फ खाने पर खर्च हुए 1.17 करोड़ रुपए

Wednesday, Dec 19, 2018 - 06:02 PM (IST)

चेन्नई: दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता का 2016 में अपोलो अस्पताल में 75 दिन तक चले उपचार का खर्च 6.85 करोड़ रुपए आया था। उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रहे एक पैनल को हाल ही में यह जानकारी दी गई जो सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। एक पृष्ठ के सारांश में बताया गया है कि कुल बिल छह करोड़ और 85 लाख रुपए है और 44.56 लाख रुपया बकाया है। पांच दिसंबर 2016 को जयललिता की मौत के कुछ महीनों के बाद 15 जून 2017 को सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक द्वारा छह करोड़ रुपए का भुगतान दिखाया गया है। 13 अक्टूबर 2016 को अस्तपाल को 41.13 लाख रूपये दिये जाने का उल्लेख है। हालांकि इसमें यह उल्लेख नहीं है कि इस राशि का भुगतान किसने किया। 



वहीं भोजन और अन्य पेय पदार्थों का खर्च करीब 1.17 करोड़ रुपए आया था। इस जानकारी के मुताबिक 6.85 करोड़ रुपए के बिल में से दिवंगत जयललिता की पार्टी एआईडीएमके ने 6 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। हालांकि अभी भी 44.56 लाख रुपए बकाया है।  



सूत्रों के मुताबिक दिवगंत जयललिता के परिजनों की तरफ से इलाज के दौरान 5500 रुपए से लेकर करीब 30 हजार रुपए तक के 20 रूम करीब 60-70 दिन के लिए किराए पर लिए गए थे। यूके के एक डॉक्टर रिचर्ड बेल को 92 लाख रुपए व सिंगापुर के एक अस्पताल को 1 करोड़ 29 लाख रुपए दिए गए हैं। हालांकि 1.17 करोड़ रुपए में जयललिता के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, मंत्री, सुरक्षाकर्मी और अन्य सहकर्मी भी शामिल हैं, जो इस दौरान हॉस्पिटल आते-जाते रहे। 



आपको बतां दे कि तमिलनाडु की राजनीति में अम्मा के नाम से मशहूर जयललिता का 5 दिसम्बर 2016 को रात 11:30 बजे निधन हो गया था। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। हालत नाजुक होने के चलते उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट यानी सीसीयू में रखा गया था।

Anil dev

Advertising