पति से अलग रह रही थी शादीशुदा बहन, गैर मर्द से अवैध संबंध भाई को नहीं था पसंद, फिर आई वो वाली रात और...
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 01:18 PM (IST)
Tamil Nadu Murder : तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में ऑनर किलिंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है। सेय्यदुंगानल्लूर रेलवे गेट इलाके में एक भाई ने अपनी 35 वर्षीय बहन की दरांती से काटकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसकी बहन के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं जिससे परिवार की बदनामी हो रही थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी भाई और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पति से अलगाव और अवैध संबंध का शक
मृतका की पहचान शनमुगथाई उर्फ सुमित्रा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सुमित्रा पिछले एक साल से अपने पति से अनबन के कारण अलग रह रही थी। इसी दौरान उसके भाई मुथुराजा को शक हुआ कि सुमित्रा के किसी और के साथ संबंध हैं। मुथुराजा इसे परिवार के लिए शर्मिंदगी की बात मानता था और इसी वजह से भाई-बहन के बीच अक्सर तीखी बहस और झगड़े होते रहते थे।
साजिश के तहत वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार मुथुराजा ने सुमित्रा को रास्ते से हटाने की पूरी योजना पहले ही बना ली थी। घटना वाली रात मुथुराजा अपने दोस्त वसंत के साथ बाइक पर सवार होकर सुमित्रा के घर पहुंचा। वसंत घर के बाहर निगरानी कर रहा था जबकि मुथुराजा दरांती छिपाकर अंदर दाखिल हुआ। घर के अंदर फिर से दोनों के बीच बहस शुरू हुई। गुस्से में आपा खो चुके मुथुराजा ने छिपाई हुई दरांती निकाली और सुमित्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ज्यादा खून बह जाने के कारण सुमित्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही सेय्यदुंगानल्लूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और कुछ ही घंटों के भीतर मुथुराजा और उसके दोस्त वसंत को धर दबोचा।
इलाके में दहशत का माहौल
इस हत्याकांड के बाद थूथुकुडी में तनाव और शोक का माहौल है। लोग हैरान हैं कि कैसे एक भाई ने महज शक और कथित 'शर्मिंदगी' से बचने के लिए अपनी ही बहन की इतनी बेरहमी से जान ले ली। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सबूतों को पुख्ता किया जा सके।
