टी. सौंदराजन सबसे कम आयु की राज्यपाल, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल हरिचंदन की आयु सबसे अधिक

Tuesday, Sep 10, 2019 - 10:36 PM (IST)

नई दिल्लीः तेलंगाना की पहली महिला राज्यपाल के तौर पर शपथ ग्रहण करने वाली टी. सौंदराजन की आयु राज्यों के राज्यपालों में सबसे कम है जबकि आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बी. बी. हरिचंदन (85) सबसे अधिक आयु के हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा एक सितम्बर को पांच नये राज्यपालों की नियुक्ति किये जाने के बाद राज्यपालों की औसत आयु 73 वर्ष है।

58 वर्षीय सौंदराजन तमिलनाडु की पूर्व भाजपा प्रमुख और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव थीं। एक सितम्बर को राष्ट्रपति ने उन्हें तेलंगाना की दूसरी राज्यपाल नामित किया। तेलंगाना राज्य दो जून 2014 को बना था। इससे पहले पद पर ई एस एल नरसिम्हन थे। सौंदराजन एकमात्र राज्यपाल हैं जिनकी आयु 60 वर्ष से कम है। दूसरे सबसे कम आयु के राज्यपाल आचार्य देवव्रत हैं जिनकी आयु 60 वर्ष है। वह इस वर्ष जुलाई से गुजरात के राज्यपाल के तौर पर कार्य कर रहे हैं। अधिकतर राज्यपालों की आयु 70 से 79 वर्ष के बीच है।

29 राज्यों के 28 राज्यपालों में से एक की आयु 60 वर्ष से कम है, सात की आयु 60वें दशक में, 14 की आयु 70वें दशक में है। छह राज्यपालों की आयु 80वें दशक में है। जगदीश मुखी की आयु 76 वर्ष है और वह असम के राज्यपाल हैं। वह मिजोरम के भी राज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार) हैं। इनमें से 19 पहली बार राज्यपाल बने हैं जबकि नौ अन्य राज्यों के राज्यपाल रहे हैं। इनमें से छह राज्यपाल महिला हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिचंदन का जन्म तीन अगस्त 1934 को हुआ था और वह अविभाजित आंध्र प्रदेश के 23वें राज्यपाल हैं। वह वर्तमान में सबसे अधिक आयु के राज्यपाल हैं। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन (84) हरिचंदन के बाद दूसरे सबसे अधिक आयु के राज्यपाल है। उन्हें जुलाई में मध्यप्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था। इससे पहले वह बिहार के राज्यपाल थे।

 

Yaspal

Advertising