दिल्ली के शाहबाद डेरी स्कूल की बदहाली पर स्वाति मालीवाल ने उठाए सवाल, 2020 में हुआ था उद्घाटन
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 03:24 PM (IST)
नई दिल्ली: दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने शाहबाद डेरी स्थित एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें स्कूल भवन की जर्जर हालत दिखाई दे रही है। मालीवाल ने दावा किया कि जिस स्कूल का उद्घाटन वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया था, उसकी इमारत कुछ ही वर्षों में खतरनाक स्थिति में पहुंच गई।
स्कूल कैंपस का वीडियो
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने स्कूल कैंपस में पहुंचकर वीडियो बनाया और भवन की स्थिति को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक, स्कूल की इमारत को निर्माण के महज 2-3 साल के भीतर ही ‘Dangerous’ घोषित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भवन की खराब हालत के कारण बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर हर समय खतरा बना हुआ था।
‘कई बार बच्चों के पास गिरे स्लैब’
स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार छत के स्लैब टूटकर बच्चों के पास गिरे। उन्होंने स्कूल की छत और निर्माण व्यवस्था को दिखाते हुए कहा कि यहां निर्माण में गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच होनी चाहिए। मालीवाल ने अपने वीडियो के साथ सवाल उठाया कि जिस स्कूल को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और बेहतर सुविधाओं के मॉडल के तौर पर पेश किया गया, उसकी इमारत इतनी जल्दी जर्जर स्थिति में कैसे पहुंच गई।
दिल्ली की शिक्षा क्रांति EXPOSED‼️
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) August 20, 2026
दिल्ली के सरकारी स्कूल जो बनने के कुछ साल में ही खंडहर हो गये, बिना लैंटर डाले सिल्लियों से छत बना दी, भ्रष्टाचार चीख-चीखकर गवाही दे रहा है।
इस स्कूल का उद्घाटन 2020 में केजरीवाल जी ने ख़ुद किया था, उसके बाद 2-3 साल के अंदर इस स्कूल की… pic.twitter.com/gJLPsJ9Hhr
‘फ्रंट पेज विज्ञापनों से नहीं आती शिक्षा क्रांति’
राज्यसभा सांसद ने दिल्ली की पिछली सरकार के शिक्षा मॉडल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल बड़े-बड़े विज्ञापनों और प्रचार से नहीं आता, बल्कि स्कूलों की मजबूत इमारत, सुरक्षित वातावरण और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
