कम तापमान के चलते ठिठुर रहा है श्रीनगर, जमने लगा है पानी

Wednesday, Jan 10, 2018 - 05:14 PM (IST)

श्रीनगर : ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पारा लुढकऩे से यहां की प्रसिद्ध डल झील और अन्य जलाशयों के किनारों पर बुधवार सुबह बर्फ  जमी हुई देखी गई। शहर में कल इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।


इससे पिछली रात तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। शहर में शीतलहर का कहर जारी है और यह लगातार चौथा दिन है जब न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे या उससे कम दर्ज किया गया। अत्यधिक ठंड की वजह से कई जलाशय आंशिक रूप से जम गए हैं जिससे कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइपों के भीतर भी पानी जम गया है और वहां के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


घाटी के लोगों को पानी के अलावा बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। शहरी क्षेत्रों में कम से कम छह घंटे और ग्रामीण इलाकों में कम से कम 18 घंटे तक बिजली नहीं रहने की खबरें सामने आ रही हैं। अधिकारी ने बताया कि वहीं जम्मू.कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के करगिल में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 23 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि लेह में भी समान स्थिति है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लेह में मंगलवार की रात जनवरी की पिछले चार साल की सबसे सर्द रात थी। 
 

Advertising