पाकिस्तानी लड़के को उसके माता-पिता से मिलवाएगी सुषमा स्वराज

Thursday, Dec 07, 2017 - 12:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब सीमा पर पकड़े गए 12 वर्षीय पाकिस्तानी लड़के के परिजनों को भारत वीजा देने के लिए तैयार है। यह घोषणा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने की। बीएसएफ के जवानों ने मई में इस लड़के को पंजाब के फरीदकोट में पकड़ा था। सुषमा ने ट्वीट कर लिखा कि भारत, पाकिस्तान से लड़के की राष्ट्रीयता की पुष्टि करना चाहता है। उन्होंने यह ट्वीट पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के ट्वीट के जवाब में किया। तरार ने पाकिस्तानी लड़के हमद हसन के गायब होने को लेकर सुषमा का ध्यान आकर्षित किया था। पाकिस्तान के सियालकोट से यह लड़का कई महीनों से लापता है।


विदेश मंत्री ने लिखा कि फरीदकोट के निगरानी घर में करीब 12 साल का एक बच्चा है। मई 2017 में बीएसएफ ने उसे हिरासत में लिया था। हम पाकिस्तान की तरफ से उसकी नागरिकता पुष्टि करने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरी जानकारी यह कहती है कि मास्टर हम्माद हसन साल 2013 से लापता है और नाबालिग हमारे पास साल 2017 से है। मंत्री ने कहा कि अगर लड़के के माता-पिता को लगता है कि वह उनका बेटा है तो भारत उन्हें वीजा देने के लिए तैयार है और वह भारत आकर बच्चे से मिल सकते हैं। 

 

Advertising