सुषमा स्वराज का ममता को जबरदस्त जवाब, 'दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे'..

Wednesday, May 08, 2019 - 11:11 AM (IST)

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव के बीच दिग्गज नेताओं की विवादित बयानबाजी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्ष की तीखी टिप्पणियां जारी हैं। कोई पीएम को दुर्योधन बोल रहा है तो कोई ओरंगजेब। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तो हद कर दी, उन्होंने कहा कि मेरा तो पीएम को थप्पड़ मारने का मन है। वहीं ममता की इस शर्मनाक टिप्पणी पर केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जबरदस्त जवाब दिया है।

सुषमा ने ट्वीट किया कि ममता जी, आज आपने सारी हदें पार कर दीं. आप प्रदेश की मुख्यमंत्री हैं और मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं. कल आपको उन्हीं से बात करनी है. इसलिए बशीर बद्र का एक शेर याद दिला रही हूं- 'दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों'। वहीं प्रियंका को भी ट्वीट के जरिए जवाब देते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री ने लिखा कि प्रियंका जी, आज आपने अहंकार की बात की, मैं आपको याद दिला दूं कि अहंकार की पराकाष्ठा तो उस दिन हुई थी जिस दिन राहुल जी ने अपने ही प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह जी का अपमान करते हुए राष्ट्रपति द्वारा जारी अध्यादेश को फाड़ कर फेंका था, कौन किसको सुना रहा है?'

दरअसल प्रियंका ने मंगलवार को हरियाणा में रैली के दौरान पीएम मोदी की तुलना महाभारत के पात्र दुर्योधन से की थी। प्रियंका ने कहा था कि मोदी दुर्योधन की तरह अहंकारी हैं। प्रियंका ने यह हमला मोदी की ओर से उनके पिता राजीव गांधी को 'भ्रष्टाचारी नंबर 1' कहे जाने पर किया था।

Seema Sharma

Advertising