तेजस्वी के तंज पर सुशील मोदी का पलटवार, कहा- बांसुरी बजाने से कोई कृष्ण नहीं बनता

Thursday, Dec 28, 2017 - 02:22 PM (IST)

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया है। सुशील मोदी ने कहा कि केवल जाति विशेष में जन्म लेने और बांसुरी बजाने से कोई कृष्ण नहीं बन जाता। 

सुशील मोदी ने ट्वीट कर तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने सगे मामा कंस के अत्याचार को भी बर्दाश्त नहीं किया था और कौरवों के अन्याय के विरुद्ध युद्ध में न्याय का साथ दिया था। आज खुद को कृष्ण का वंशज बताने वाले कुछ लोग कंस की राह पर चल रहे हैं और न्याय के बजाए नाते-रिश्ते देख कर भ्रष्टाचार की तरफदारी कर रहे हैं। 

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बयान जारी किया था कि कंस को लग रहा है कि जेल में बंद कर खतरा खत्म हो गया। उन्हें पता नहीं कि काल तो अब जन्म लेगा।

Advertising