सुशील चंद्रा शुक्रवार को संभालेंगे चुनाव आयुक्त का पदभार

Thursday, Feb 14, 2019 - 08:12 PM (IST)

नई दिल्ली: केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष सुशील चंद्रा चुनाव आयुक्त के रूप में शुक्रवार को पदभार संभालेंगे। भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी चंद्रा को गुरुवार को निर्वाचन आयोग में चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चंद्रा की नियुक्ति के संबंध में विधि मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना का हवाला देते हुए बताया कि वह शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। अधिसूचना के अनुसार 1980 बैच के राजस्व सेवा के आयकर कैडर के अधिकारी चंद्रा को संविधान के अनुच्छेद 324(2) के तहत राष्ट्रपति द्वारा चुनाव आयुक्त के रूप में तैनात किया गया है। अधिसूचना के तहत उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी मानी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओ पी रावत के हाल ही में सेवानिवृत्त होने पर तत्कालीन चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद से आयोग में चुनाव आयुक्त का एक पद रिक्त था। चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त के अलावा दो चुनाव आयुक्त होते हैं। चंद्रा के अलावा अशोक लवासा चुनाव आयुक्त हैं। रुड़की विश्वविद्यालय से बीटेक और देहरादून स्थित डीएवी कालेज से विधि स्नातक चंद्रा 1980 में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में भर्ती हुए थे।

आयकर कैडर में सेवारत रहते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और मुंबई में विभिन्न पदों पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कराधान एवं अन्वेषण के क्षेत्र में भी काम किया। सीबीडीटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने से पहले वह बोर्ड की अन्वेषण इकाई के सदस्य थे।

shukdev

Advertising