रिया के इंटरव्यू पर सुशांत के वकील बोले, मीडिया में सुर्खियां बटोरने से रोका जाना चाहिए

Friday, Aug 28, 2020 - 03:56 PM (IST)

नेशनल डेस्कः अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के वकील विकास सिंह ने बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि कानून के साथ टकराव की स्थिति वाले व्यक्तियों को मीडिया में सुर्खियां बटोरने से रोका जाना चाहिए। चक्रवर्ती ने गुुरुवार को एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में राजपूत की मौत के मामले में अपना पक्ष रखने की कोशिश की थी। चक्रवर्ती पर राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इस इंटरव्यू के बाद सिंह ने ट्वीट किया कि मेरा मानना है कि कानून की नजरों में जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध हो, उन्हें मीडिया में सुर्खियां बटोरने से रोका जाना चाहिए। अगर वे निर्दोष हैं तो वह उनकी छवि खराब करता है और अगर वे दोषी है तो अवांछित सुर्खियां देता है।

 

रिया शुक्रवार सुबह मुंबई के DRDO गेस्ट हाउस पहुंची थी, जहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) उनसे पूछताछ करेगी। चक्रवर्ती (28) से इस मामले में CBI पहली बार पूछताछ कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह इस मामले की जांच CBI को सौंपे जाने का रास्ता साफ कर दिया था। राजपूत के पिता ने पटना में रिया और अन्य कई लोगों के खिलाफ अभिनेता को आत्महत्या के लिए उकसाने और धन की हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अभिनेता 14 जून को उपनगर बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत मिले थे।

Seema Sharma

Advertising