सुशांत सुसाइड केस: BMC ने पटना के SP विनय तिवारी को क्वारंटाइन से छोड़ा

Friday, Aug 07, 2020 - 08:28 AM (IST)

नेशनल डेस्कः बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में सीबीआई और ED ने अपनी जांच शुरू कर दी है। वहीं सुशांत सिंह मामले की जांच के लिए बिहार से मुंबई आए पटना के सिटी SP विनय तिवारी को BMC ने क्वारंटाइन से रिलीज कर दिया है। बता दें कि सुशांत सिंह केस की जांच करने SP विनय तिवारी पटना से मुंबई आए थे लेकिन BMC के अधिकारियों ने उन्हें मुंबई आने पर जबरन क्वारंटाइन कर दिया था। BMC के इस कदम की काफी आलोचना हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी सुनवाई के दौरान कहा था कि इससे देश की जनता के बीच गलत संदेश गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस पर नाराजगी जताई थी और कहा था कि जो भी हुआ वो ठीक नहीं हुआ। बता दें कि गुरुवार को मुंबई आई पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम बिहार लौट गई। वहीं गुरुवार को सीबीआई ने सुशांत सिंह राजपूत केस में FIR दर्ज की जिसमें रिया चक्रवर्ती समेत 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच के लिए सीबीआई ने SIT का गठन किया है।

इस टीम को गुजरात केडर के IPS मनोज शशिधर हेड कर रहे हैं। ईडी ने रिया चक्रवर्ती को 7 अगस्त (शुक्रवार) को पूछताछ के लिए बुलाया है। रिया से उनकी प्रॉपर्टी और सुशांत संग उनके लेन-देन को लेकर सवाल पूछे जा सकते हैं।

Seema Sharma

Advertising