भारतीय उच्चायोग के अधिकारी सुरजीत सिंह को पाकिस्तान ने किया निष्कासित

Friday, Oct 28, 2016 - 08:36 AM (IST)

इस्लामाबाद: भारत में पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी को जासूसी के आरोप में देश से निष्कासित किए जाने के कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तान ने जवाबी कदम उठाते हुए यहां स्थित भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी सुरजीत सिंह को निष्कासित कर दिया।  

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के गुरूवार रात जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने भारतीय उच्चायुक्त गौतम बम्बावाले को तलब करके पाकिस्तान सरकार के इस निर्णय के बारे में जानकारी दी। विदेश सचिव ने आरोप लगाया कि सुरजीत सिंह राजनयिक शिष्टाचार के परे जाकर आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त है जो विएना संधि का उल्लंघन है।   

उन्होंने कहा कि सिंह अपने परिवार के साथ 29 अक्टूबर तक पाकिस्तान छोड़ दे। इससे पूर्व भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी महमूद अख्तर को जासूसी के लिये रक्षा दस्तावेजों के साथ पकड़े जाने के बाद उसे अवांछित व्यक्ति करार देकर 48 घंटे के अंदर देश छोडऩे के लिये कहा था। भारतीय विदेश सचिव एस जयशंकर ने आज सुबह नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को बुलाया तथा अख्तर को पुलिस द्वारा पकड़े जाने की जानकारी दी और उन्हें इस मामले में बरामद साक्ष्य दिखाये। इसके बाद जयशंकर ने महमूद अख्तर को अवांछित घोषित करने के फैसले की जानकारी दी और उसे परिवार के साथ 29 अक्टूबर तक यानी 48 घंटे के अंदर देश छोडऩे के लिए कहा था।  

Advertising