मुम्बई पहुंचा मानसून, भारी बारिश के चलते उपनगरीय ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Saturday, Jun 09, 2018 - 08:23 PM (IST)

मुम्बई : दक्षिण पश्चिम मानसून के आने के साथ महानगर मुम्बई में शनिवार को भारी वर्षा हुई जिससे उपनगरीय ट्रेनों के परिचालन में थोड़ी देरी हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के उप निदेशक के एस होसालिकर ने बताया , ‘सुबह साढ़े आठ बजे तक कई उपनगरों में भारी बारिश दर्ज की गयी।’

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई , इससे सटे ठाणे - कोंकण के इलाकों , अहमदनगर , परभनी और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मानसून के पहुंचने की घोषणा की। एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण मध्य रेलवे के उपनगरीय खंडों पर ट्रेनें 10-12 मिनट की देरी से चल रही हैं। किसी भी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सुनील उदासी ने बताया , ‘आज सुबह डाउन स्लो लाइन की पटरी पर एक दीवार गिर गयी। मलबे को तत्काल हटा लिया गया। हालांकि कुछ समय तक डाउन स्लो लाइन की ट्रेनों का मार्ग परिर्वितत कर उन्हें फास्ट लाइन पर चलाया गया।’

उन्होंने कहा कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। यात्रियों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी जाती है। एक अधिकारी ने बताया कि मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाओं के परिचालन में देरी हुई क्योंकि मटुंगा और सिओन के बीच पटरियों पर पानी जमा हो गया। हवाई अड्डा के एक अधिकारी के अनुसार खराब मौसम के चलते दो विमानों का मार्ग परिर्वितत किया गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह वीर सावरकर मार्ग पर एक भवन का कुछ हिस्सा गिर जाने से मध्य मुम्बई की प्रभादेवी इलाके में चार लोग घायल हो गये।

बृहन्मुम्बई महानगरपालिका के उप नगर आयुक्त किशोर क्षीरसागर ने बताया कि हिंदमाता , धारावी और परेल जैसे इलाकों में 100 मिमी से अधिक की बारिश हुई , जिसके चलते जल जमाव हो गया। उन्होंने बताया कि निकाय प्रशासन ने 120 जगहों पर सड़कों की मरम्मत की। शहर के अंधेरी - कुर्ला रोड , सांताक्रूज , ओबेरॉय मॉल और लोखंडवाला र्सिकल में जल - जमाव नहीं था। क्षीरसागर ने बताया कि 3,000 से अधिक निकायकर्मी सड़कों पर स्थिति की निगरानी में जुटे हैं।  मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कल तक कई स्थानों में आंधी और गरज के साथ छींटे पडऩे तथा छिटपुट स्थानों में भारी बारिश की संभावना जतायी है। 

Punjab Kesari

Advertising