सुब्रमण्यम स्वामी के दावों का सामना करने के लिए तैयार नहीं हो पा रही भाजपा : खुर्शीद

punjabkesari.in Saturday, Jun 25, 2016 - 07:09 PM (IST)

लखनउ: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा में देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सोच में गंम्भीर टकराव होने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा अपने राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी के दावों का सामना करने के लिए खुद को तैयार नहीं कर पा रही है।  
 
खुर्शीद ने कहा, ‘‘मैं मानता हूं कि जो भाजपा की सरकार का ढांचा है, उसका जो आधार है, उसमें बहुत सारी दरारें हैं। भाजपा के बहुत से नेता एेसे हैं जिनकेे बयानों को प्रधानमंत्री जाहिर रूप से स्वीकार करने को तैयार नहीं रहते। अर्थव्यवस्था के सम्बन्ध में भी उनकी सोच में बहुत गम्भीर टकराव हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सुब्रमण्यम स्वामी जो कह रहे हंै, उसके कुछ तथ्य होंगे, कुछ बुनियाद होगी। उनका सामना करने के लिए भाजपा स्पष्ट रूप से खुद को तैयार नहीं कर पा रही है। कहीं ना कहीं कोई कमजोरी जरूर है। अगर नहीं है तो वह खुलकर बताए।’’ 
 
स्वामी के आरोपों की जांच की कांग्रेस की मांग पर खुर्शीद ने कहा, ‘‘स्वामी के आरोपों की जांच इसलिए जरूरी है क्योंकि सरकार उसका जवाब नहीं दे पा रही है। कम से कम उनकी बात का स्पष्ट जवाब दे दें या फिर जांच करा दें।’’ पूर्व विदेश मंत्री ने कहा ‘‘उत्तर प्रदेश में अभी कांग्रेस को बहुत काम करना है लेकिन वह हरियाणा, राजस्थान या गुजरात में पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में चाहे जो भी जीते मगर भाजपा नहीं जीतेगी, यह तय है। कांग्रेस मुक्त भारत का सपना कभी पूरा नहीं होगा। इतना मुझे विश्वास है।’’ 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News