त्रिपुरा: मूर्ति विवाद में कूदे स्वामी, लेनिन को बताया 'आतंकवादी'

Tuesday, Mar 06, 2018 - 03:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: त्रिपुरा में कम्युनिस्टों के आदर्श ब्लादिमीर लेनिन की मूर्ति ढहाए जाने को लेकर जारी घमासान के बीच भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी भी कूद गए हैं। उन्होंने लेनिन को एक विदेशी और आतंकवादी बताते हुए उनकी मूर्ति भारत में होने पर सवाल उठाए। स्वामी ने लेनिन को हजारों लोगों की हत्‍या का जिम्‍मेदार बताया।

एक विदेशी की हमारे देश में क्यों लगे मूर्ति
राज्यसभा से बाहर निकलने के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में भाजपा सासंद ने कहा कि लेनिन तो विदेशी है एक प्रकार से आतंकवादी है। ऐसे व्यक्ति की हमारे देश में मूर्ति क्यों लगे? उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट लोग चाहे तो इस मूर्ति को पार्टी के मुख्यालय में रख पूजा कर सकते हैं। बता दें कि दक्षिणी त्रिपुरा बेलोनिया टाऊन में कॉलेज स्क्वायर पर लगी कम्युनिस्ट आइकन लेनिन की मूर्ती सोमवार दोपहर गिरा दी गई। ये मूर्ती पिछले पांच साल से यहां खड़ी थी। 48 घंटे पहले चुनावी नतीजों से उत्साहित लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए मूर्ती को जमीन पर गिरा दिया।

लेनिन की मूर्ति को लेकर लोगों में गुस्सा
सीपीआई(एम) ने भाजपा दक्षिण जिला सचिव राजू नाथ पर लेनिन की मूर्ति गिराने की योजना बनाने का आरोप लगाया। वहीं इन आरोपों पर नाथ का कहना है कि कई सालों से लोगों के मन में लेनिन की मूर्ति के प्रति गुस्सा था। यह म्यूनिसिपॉलिटी द्वारा बनाई गई थी और इसमें लोगों के टैक्स का पैसा लगा था। लोगों के पैसे मूर्ति बनाने में क्यों लगाए गए? उन्होंने कहा कि अगर यह मूर्ति पूर्व सीपीआई(एम) मुख्यमंत्री नृपेन चक्रवर्ती की होती तो कोई इसे हाथ भी नहीं लगाता। वह इस देश के नागरिक थे लेकिन विदेशी लेनिन का हमारे देश की जनता से क्या लेना देना?’

Advertising