सुब्रह्मण्यम स्वामी ने सोनिया गांधी को ‘नाजी’ करार दिया

Sunday, Dec 22, 2019 - 05:40 AM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पर शनिवार को निशाना साधते हुए उन्हें ‘नाजी’ करार दिया। कांग्रेस पार्टी द्वारा शुक्रवार को जारी सोनिया गांधी के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने ट्विटर पर कहा, “नाजी सैनिक की बेटी असली नाजी है, जो सीएए को मुस्लिम विरोधी बताकर झूठ फैलाने का कार्य कर रही है। यदि आप हिंदुत्ववादी हैं, तो आप निश्चित तौर पर मुस्लिम विरोधी होंगे और यदि आप मुस्लिम समर्थक हैं, तो आप धर्मनिरपेक्ष हैं।”

कांग्रेस ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि असंतोष को दबाने के लिए सरकार बल का प्रयोग कर रही है। पार्टी ने कहा था कि वह छात्रों और प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ खड़ी है।

वीडियो संदेश में सोनिया गांधी ने कहा कि देश के छात्रों और नागरिकों पर बल प्रयोग को लेकर पार्टी गहरी चिंता व्यक्त करती है और दृढ़ता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “एक लोकतंत्र में लोगों को सरकार की गलत नीतियों और फैसलों के प्रति आवाज उठाने का अधिकार है। वे अपनी चिंताएं प्रकट कर सकते हैं.. भाजपा सरकार ने लोगों की आवाज की उपेक्षा की है और असंतोष को दबाने के लिए बल का प्रयोग किया है।”

Pardeep

Advertising