राजनाथ सिंह की अपील का भी नहीं हुआ कुछ असर, छात्रों ने पुलिस वाहनों पर किया पत्थराव

Wednesday, Jun 13, 2018 - 04:42 PM (IST)

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिला में डिग्री कॉलेज के पास छात्रों ने पुलिस वाहनों पर पत्थराव किया जिसके बाद उनको खदेडऩे के लिए पुलिस ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया। जानकारी के अनुसार डिग्री कॉलेज पुलवामा से सैंकड़ों छात्रों ने इलाके से गुजर रहे पुलिस वाहनों पर पत्थराव किया। पत्थराव कर रहे छात्रों को खदेडऩे के लिए पुलिस ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस और छात्रों के बीच कुछ समय तक झड़पें जारी रही। वहीं, झड़पों की वजह से इलाके में यातायात बाधित हो गया जबकि दुकानें बंद रही। इस दौरान पुलवामा पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के जनाजें पर पत्थराव करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। 


पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलवामा के दालीपुरा, छतपुरा, प्रिचु और कुछ अन्य क्षेत्रों से युवकों का समूह मुख्य शहर पुलवामा में उतर आए और शहीद पुलिसकर्मियों के शवों पर पत्थराव शुरु कर दिया।  वहीं, कुछ उपद्रवियों की पुलिस ने पहचान कर ली है जिनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने घटना के संबंध में पुलिस स्टेशन पुलवामा में धारा 149, 148, 307, 336 और 292 आर.पी.सी. के तहत एफ.आई.आर. नंबर 151/2018 दर्ज कर लिया हैं। साथ ही मामले को लेकर आगे की जांच शुरु कर दी गई है। 


इस बीच पुलवामा से सटे शोपियां जिला के अहगाम इलाके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हुई। प्रदर्शनकारियों ने सेना पर तीन युवकों को पीटने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तीनों बगीचों में जा रहे थे जब सेना के जवानों ने उनको पकड़ लिया और पीटना शुरु कर दिया। हालांकि, सेना ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। 
 

Monika Jamwal

Advertising