प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति की मजबूत मौजूदगी दिखाई देगी

Saturday, May 20, 2023 - 08:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीन देशों के दौरे को शिखर बैठकों और अन्य महत्वपूर्ण बातचीत के अलावा इन देशों में भारतीय संस्कृति की मौजूदगी बढ़ाने के रूप में देखा जायेगा। अधिकारियों ने बताया कि जापान के हिरोशिमा शहर में शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मोदी पापुआ न्यू गिनी में कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तमिल महाकाव्य ‘‘द तिरुक्कुरल'' का ‘टोक पिसिन' भाषा में अनूदित संस्करण का विमोचन करेंगे।

प्रधानमंत्री सोमवार को पापुआ न्यू गिनी से ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। बड़ी संख्या में भारतीयों की उपस्थिति और योगदान को मान्यता देने के लिए स्थानीय अधिकारी औपचारिक रूप से पररामट्टा में हैरिस पार्क इलाके का नामकरण ‘‘लिटिल इंडिया'' करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने अपनी विदेश यात्राओं और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के साथ बातचीत के दौरान भारतीय संस्कृति और परंपराओं के बारे में जागरूकता फैलाने का एक उद्देश्य बनाया है।

गांधी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मोदी ने कहा कि शांति और सद्भाव को लेकर उनके आदर्श दुनियाभर में प्रतिध्वनित होते हैं और लाखों लोगों को ताकत देते हैं। गांधी की आवक्ष प्रतिमा लगाने के लिए हिरोशिमा का चयन शांति और अहिंसा के प्रति एकजुटता दर्शाने के मकसद से किया गया। अमेरिका ने छह अगस्त 1945 को हिरोशिमा पर दुनिया का पहला परमाणु हमला किया था, जिससे यह शहर तबाह हो गया था और करीब 1,40,000 लोगों की मौत हो गई थी।

Parveen Kumar

Advertising