वन सरंक्षण के लिए शिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे-चौधरी

Sunday, Nov 28, 2021 - 02:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी ने वनों के सरंक्षण को लेकर विशेष प्रयास की जरूरत बताते हुए कहा है कि वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए कारगर और सख्त कदम उठाए जाएंगे। श्री चौधरी केबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार बाड़मेर आने पर पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उनके बाड़मेर पहुंचने पर शानदार स्वागत हुआ। इस स्वागत से अभिभूत श्री चौधरी ने कहा कि दो बार पहले भी मंत्री बना मगर ऐसा स्वागत कभी नही हुआ। उन्होंने कहा कि लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई है और इन पर खरा उतरना मेरा फर्ज है।

उन्होंने कहा कि सचिन पायलट के माध्यम से मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है, उस पर वह खरा उतरने के पूरे प्रयास करेंगे, लोगों की उम्मीदे बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की कार्यप्रणाली में बदलाव लाये जायेंगे। उन्होंने वनों के कटाव को रोकने के साथ वन भूमि पर अवैध खनन को रोकना चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि वन क्षेत्र को बढ़ाने के प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के शिकार की घटनाएं आहत करती है। अब विभाग का सूचना तंत्र मजबूत करेंगे। भविष्य में शिकारियों के खिलाफ पुख्ता सबूत एकत्रित कर चालान किया जाएगा ताकि शिकारियों को सज़ा मिले।

उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के सरंक्षण के विशेष प्रयास किये जायेंगे। अभी बाड़मेर जिले में हिरणों की संख्या अधिक है। विश्नोई समाज के लोग इनका सरंक्षण कर रहे है। मगर अब सरकारी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सरंक्षण नहीं रखा तो मानव जीवन ही खतरे में पड़ जायेगा।

Hitesh

Advertising