महिला आरक्षण पर BJP का बड़ा दावा, कहा- मोदी सरकार के लिए कुछ भी असंभव नहीं

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 06:22 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकार द्वारा महिला आरक्षण विधेयकों को फिर से पेश करने की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि जब राष्ट्रीय हित के मामलों की बात आती है, तो मोदी सरकार के लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान जल्द ही हकीकत बनने जा रहा है। उन्होंने कहा, ''जब राष्ट्रीय हित के मामलों की बात आती है, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के लिए कुछ भी हासिल करना असंभव नहीं है।

भारत संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत संवैधानिक आरक्षण प्रदान करने वाला पहला देश होगा जिसकी गिनती प्रमुख अर्थव्यवस्थायों में होती है।'' उन्होंने कहा, ''अधिक प्रतिनिधित्व का मतलब है कि युवाओं को संसद में प्रवेश करने के अधिक अवसर मिलेंगे।'' वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी. आर. केशवन ने एक पोस्ट में राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाया।

उन्होंने परिसीमन के विरोध को उनका ''कपटपूर्ण और बेईमानी भरा दिखावा'' करार दिया। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी द्वारा परिसीमन का पुरजोर विरोध करना महज एक भ्रामक और बेईमान बहाना है। कांग्रेस पार्टी का असली निहित स्वार्थ हमारी नारी शक्ति को उनके लंबे समय से लंबित वैध अधिकारों से वंचित करना है। यही वजह है कि केंद्र में अपने लगभग 55 वर्षों के शासनकाल के दौरान कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने की कभी परवाह नहीं की और अब भी इसके प्रति उसका रवैया बेहद नकारात्मक है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News