BJP के 'शत्रु' का बयान, कहा- तेजस्वी जैसे नेता के होते हुए लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं

Saturday, Apr 21, 2018 - 05:55 PM (IST)

पटनाः भाजपा नेता व पटना से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव की तारीफ के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि लालू से बड़ा मास लीडर कोई नहीं और तेजस्वी जैसे नेता के होते हुए लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी छोड़ने की अफवाहों पर पूर्ण विराम लगाया है।

तेजस्वी बिहार का भविष्य 
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी बिहार का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि वह लालू प्रसाद यादव का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे चाहे उसके लिए उन्हें जेल में क्यूं ना डाल दिया जाए। उन्होंने कहा कि मैं सरेआम कहता हूं कि लालू जी से दोस्ती को कभी खत्म नहीं करूंगा। 

सिन्हा ने उड़ाया अपनी ही पार्टी का मजाक 
सांसद ने अपनी ही पार्टी का मजाक बनाते हुए कहा कि हमारी पार्टी दिल्ली में स्कूटर पार्टी बन कर रह गई है। उन्होंने कहा कि हम तो खुद ही इंतजार कर रहें हैं कि पार्टी कब हमें छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में 40 स्टार प्रचारकों में भी हमको एंट्री नहीं मिली जिसका दुष्परिणाम बीजेपी को भुगतना पड़ा। 

बता दें कि यह सारी बातें शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को पटना में गैर-बीजेपी दलों के एक कार्यक्रम के दौरान कही। इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा द्वारा किया गया था। इसी बैठक में यशवंत सिन्हा ने भाजपा छोड़ने का बड़ा ऐलान किया। 

Punjab Kesari

Advertising