राजस्थान: उदयपुर में राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह को मारी गोली, हालत नाजुक
punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 03:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के उदयपुर में राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह को गोली मारी गई है। गोली लगने के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उदयपुर पुलिस ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष पर गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम दिग्विजय बताया जा रहा है।
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को आरोपी दिग्विजय द्वारा गोली मारने के पीछे प्रथम दृष्टया पुरानी दुश्मनी बताई गई है। यह गोली उस वक्त मारी गई है जब उदयपुर के बीएन संस्थान परिसर में राजपूत करणी सेना की बैठक चल रही थी। इस बैठक में राजपूत करणी सिंह भी मौजूद थे। इसी बीच मौका देख आरोपी ने भंवर सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भंवर सिंह जमीन पर गिर गए। गोली चलने के बाद बैठक में अफरा-तफरी मच गई।
गोली लगने के बाद वहां मौजूद अन्य नेता भी डर गए। वहीं, आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने पहले तो आरोपी की जमकर पिटाई की और उसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। गोली मारने वाले शख्स को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।