रक्षाबंधन पर राज्य सरकारों का महिलाओं को तोहफा

Friday, Aug 24, 2018 - 08:09 PM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षाबंधन के दिन महिलाएं और लड़कियों को तोहफा देते हुए कई राज्यों की सरकार ने नि:शुल्क यात्रा करवाने की घोषणा की है। यही नहीं रक्षा बंधन के दिन यात्रियों की संख्या में संभावित बढ़ोत्तरी को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक बसों को चलाने और बस डिपो प्रबंधकों को इसके लिए निर्देश भी दे दिए हैं।



दिल्ली
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने महिला यात्रियों के लिए मुफ्त बस सेवा मुहैया कराने की घोषणा की है। निगम ने गुरुवार को बताया कि 26 अगस्त को सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक डीटीसी की वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित बसों में महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त होगी। 



उत्तराखंड
रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में राज्य में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर रक्षाबंधन के दिन 26 अगस्त को उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान के आदेश जारी कर दिए गए हैं।



उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिलाओं को एक दिन की निशुल्क यात्रा का तोहफा देने की घोषणा की है। क्षेत्रीय प्रबन्धक मनोज पुंडीर ने बताया कि 25 अगस्त की मध्य रात्रि 12बजे से रक्षा बन्धन के अवसर पर महिलाएं मुफ्त में यात्रा कर सकेगी।



राजस्थान
राजस्थान में रक्षाबंधन के दिन महिलाएं और बालिकाएं रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। वहीं रेलवे ने भी रक्षाबंधन के दिन कुछ यात्री गाडिय़ों में डिब्बों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम आरएसआरटीसी के प्रवक्ता के अनुसार रक्षाबंधन पर महिलाओं और बालिकाओं को कोई किराया नहीं देना पड़ेगा। प्रवक्ता ने बताया कि रोडवेज की साधारण तथा द्रुतगामी बसों में नि:शुल्क यात्रा की यह सुविधा 25 अगस्त की रात 12 बजे से 26 अगस्त रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।



हरियाणा
हरियाणा सरकार ने शनिवार और रविवार को महिलाओं और उनके साथ 15 वर्ष की उम्र तक के बच्चों को हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने की घोषणा आज की।  परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि यह सुविधा केवल हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में हरियाणा में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक उपलब्ध होगी, जिसमें दिल्ली व चंडीगढ़ भी शामिल हैं।  

 

Yaspal

Advertising