ऑफ द रिकॉर्डः गांधी परिवार की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने बनाया एस.एस.जी.

Wednesday, Jan 01, 2020 - 05:18 AM (IST)

नेशनल डेस्कः पिछले महीने गांधी परिवार के सदस्यों का स्पैशल प्रोटैक्शन ग्रुप (एस.पी.जी.) सुरक्षा कवर हटा दिया गया था लेकिन दिल्ली पुलिस, जो अब सी.आर.पी.एफ. के साथ मिलकर गांधी परिवार का सुरक्षा इंतजाम संभालती है, ने ए.सी.पी. रैंक के अधिकारी के सुपरविजन में एस.एस.जी. (स्पैशल सिक्योरिटी ग्रुप) का गठन किया है। सी.आर.पी.एफ. का वी.आई.पीज सिक्योरिटी विंग गांधी परिवार तथा प्रियंका वाड्रा और उनके बच्चों को नजदीकी सुरक्षा कवर मुहैया करवाएगा जबकि दिल्ली पुलिस बाह्य सुरक्षा कवर उपलब्ध करवाएगी। सी.आर.पी.एफ. के महानिरीक्षक (इंटैलीजैंस एंड वी.आई.पी. सिक्योरिटी) पी.के. सिंह ने न केवल गांधी परिवार के सदस्यों के लिए बल्कि सुरक्षा प्राप्त अन्य हाई प्रोफाइल वी.आई.पीज के लिए भी सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार किया है। 

सी.आर.पी.एफ. देश में गांधी परिवार सहित 60 से अधिक वी.आई.पीज को सुरक्षा कवर प्रदान करती है। इनमें से 15 जैड+कैटेगरी के, 21 जैड कैटेगरी के तथा बाकी शेष अन्य कैटेगरी के वी.आई.पीज हैं। सी.आर.पी.एफ. ने इन वी.आई.पीज की सुरक्षा के लिए सभी राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों को ताजा निर्देश भेज दिए हैं ताकि जब भी ये वी.आई.पीज इन राज्यों का दौरा करें तो उन्हें जरूरी इंटैलीजैंस तथा पुलिस सपोर्ट मुहैया करवाई जा सके। सी.आर.पी.एफ. के लिए सबसे बड़ी चुनौती उन लोगों के लिए सुरक्षा प्रदान करना है जो अचानक किसी क्षेत्र के दौरे का कार्यक्रम बना लेते हैं तथा इसके बारे में सुरक्षा टीम को भी सूचित करने की जरूरत नहीं समझते। सूत्रों का कहना है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय गांधी परिवार के लिए सुरक्षा खतरे को ‘वैरी हाई’ आंकता है और इसके लिए उसने बेहतर प्रोटोकॉल तैयार किया है। 

गांधी परिवार की सुरक्षा में एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ए.एस.एल.) तथा स्पैशल आर्मर्ड व्हीकल्स (एस.ए.वी.) को बनाए रखा जाएगा जो एस.पी.जी. कवर की विशेषता है। एस.पी.जी. ने अस्थायी तौर पर सी.आर.पी.एफ. को ये अत्याधुनिक उपकरण मुहैया करवाए हैं। अब तक केवल गृह मंत्री अमित शाह को सी.आर.पी.एफ. की ओर से ये सुविधाएं प्राप्त थीं। अब गांधी परिवार के पास भी ये उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सी.आर.पी.एफ. के वी.आई.पी. सिक्योरिटी विंग को उसी प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा जो एस.पी.जी. कर्मियों को दिया जाता है। उल्लेखनीय है कि गत 8 नवम्बर को केन्द्र ने यह कहते हुए गांधी परिवार का एस.पी.जी. कवर हटा लिया था कि इसका गठन वर्तमान प्रधानमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए किया गया था। 

 

Pardeep

Advertising