T20 World Cup 2026 के बीच इटली क्रिकेट में हड़कंप, महिला खिलाड़ी ने सीनियर अधिकारी पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 09:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क: T20 World Cup 2026 जहां इटली के पुरुष क्रिकेट इतिहास के लिए एक सुनहरा अध्याय लिख रहा था, वहीं खेल के मैदान से बाहर एक काले साये ने पूरी टीम और बोर्ड को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ दुनिया इटली की टीम के शानदार प्रदर्शन और नेपाल के खिलाफ उनकी ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रही थी, वहीं दूसरी ओर फेडराजिओन क्रिकेट इटालिआना (FCRI) एक गंभीर यौन उत्पीड़न के मामले में घिर गया है। यह विवाद तब और गहरा गया जब यह खुलासा हुआ कि महिला क्रिकेट टीम की एक खिलाड़ी ने बोर्ड के एक बेहद रसूखदार अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद से क्रिकेट गलियारों में कोहराम मचा हुआ है।

एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, यह संगीन आरोप प्रबाथ ऐक्नेलिगोडा पर लगे हैं, जो इटली क्रिकेट फेडरेशन (FCRI) में महिला क्रिकेट के संयोजक (Coordinator) के महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे। आरोप है कि ऐक्नेलिगोडा ने महिला टीम की एक खिलाड़ी के साथ अनुचित व्यवहार किया और उसे गलत तरीके से छुआ। हालांकि पीड़िता की पहचान को पूरी तरह गुप्त रखा गया है, लेकिन मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस घटना की शिकायत मार्च 2025 में ही पुलिस में दर्ज करा दी गई थी। लंबी जांच और नवंबर में हुई सघन पूछताछ के बाद, दिसंबर में अधिकारी को पुलिस के सामने पेश होने के लिए भी बुलाया गया था।

इस पूरे घटनाक्रम पर इटली क्रिकेट फेडरेशन ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बोर्ड ने दावा किया है कि वे खिलाड़ियों की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इसी के तहत ऐक्नेलिगोडा को उनके पद से सस्पेंड कर दिया गया था। दूसरी तरफ, आरोपी अधिकारी के वकील ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सस्पेंशन के बावजूद ऐक्नेलिगोडा को हाल ही में संपन्न हुए T20 World Cup 2026 के दौरान इटली के खेमे में देखा गया, जिसने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह विवाद ऐसे समय में आया है जब इटली की Mens Team ने वर्ल्ड कप के ग्रुप C में नेपाल को 10 विकेट से रौंदकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था। जहां फैंस 12 फरवरी 2026 की उस ऐतिहासिक जीत की चर्चा कर रहे थे, अब वहां यौन उत्पीड़न के इन आरोपों ने इटली क्रिकेट की छवि पर एक बड़ा दाग लगा दिया है। अब देखना यह होगा कि कोर्ट और पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या इटली क्रिकेट अपने दामन पर लगे इस दाग को साफ कर पाता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News