दिल्ली में कोरोना संक्रमित कहकर मणिपुर की महिला के ऊपर थूका, केस दर्ज

Monday, Mar 23, 2020 - 05:45 PM (IST)

नई दिल्लीः मणिपुर निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली के विजय नगर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर थूका और उसे ‘कोरोना' कहा। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस व्यक्ति की तलाश कर रही है। घटना रविवार को रात दस बजे के आसपास हुई। महिला की उम्र बीस साल के आसपास है।

पुलिस ने बताया कि महिला के अनुसार जब वह सब्जी खरीदने जा रही थी तब मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आया और उसने महिला पर थूका। इसके बाद व्यक्ति ने महिला को ‘कोरोना' कहा और भाग गया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) विजयंत आर्य ने कहा कि भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

 

Yaspal

Advertising