सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, वे ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे: Nitin Naveen

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 08:42 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष शनिवार को यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा, ''सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।'' उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि ''हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है, हमें उप्र के विकास के लिए काम करना है।'' नवीन ने कहा, ''किसी के दिल में अगर जगह बनानी है, तो उस तक पहुंचना पड़ेगा। 

आपको हर गांव में प्रवास करना है। हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचना है।'' भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से उप्र में 'डबल इंजन' सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार ने कार्यों का कीर्तिमान बनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि ''मोदी जी-योगी जी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है।

उन्‍होंने भाजपा पदाधिकारियों को सलाह दी कि ''आपको हर मतदाता तक 'डबल इंजन' सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।'' नितिन नवीन ने कहा, ''प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी तथा मथुरा की नगरी में मुझे जो सम्मान मिला, उससे मैं अभिभूत हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News