IMD Weather : अगले 2-3 दिनों में भारी बारिश और दिल्ली में गुलाबी ठंड का अहसास, जानें कहां-कहां हो सकती है बारिश?

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2024 - 07:46 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने अंतिम चरण में है और अगले 2-3 दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार से पूरी तरह विदा ले लेगा। हालांकि, जाते-जाते महाराष्ट्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण भारी बारिश हो रही है। बीती रात मुंबई में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दिल्ली-NCR में पिछले 10 दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन आज सुबह हल्की ठंडक का अहसास हुआ। दिन में धूप खिलने से फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना है।

कहां-कहां हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पूर्वी मध्य अरब सागर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके चलते आज और अगले 2-3 दिनों में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, गुजरात, कोंकण, और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
गुरुवार रात मुंबई में अचानक आई आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण ठाणे, मुलुंड, कुर्ला, घाटकोपर, दादर, वरली, अंधेरी-बांद्रा, और बोरीवली जैसे क्षेत्रों में जलभराव हो गया। खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स भी डायवर्ट की गईं, जिससे नवरात्रि के दौरान गरबा और दुर्गा पूजा में शामिल होने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। IMD ने आज महाराष्ट्र के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में दिन के समय धूप से तापमान बढ़ जाता है, जिससे उमस भरी गर्मी का अहसास होता है। हालांकि, सुबह के समय हल्की गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा, और 15 या 20 अक्टूबर के बाद दिन में भी ठंडक महसूस होने की संभावना है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने की उम्मीद है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News