दिल्ली में नए खतरे की एंट्री, साउथ अफ्रीकी कोरोना वेरिएंट का मिला पहला मरीज

Tuesday, Mar 16, 2021 - 01:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  कोरोना वायरस के कहर के बीच देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नई मुसीबत ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। यहां दक्षिण अफ्रीका के वेरियंट से संक्रमित पहला मामला सामने आया है। 33 साल के मरीज में वायरस की पुष्टि होने के बाद उसे लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  पूरे देश भर में इस वेरियंट के  चार मामले मौजूद हैं।   


केरल का रहने वाला है मरीज
खबरों से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती मरीज केरल का रहने वाला है। 9 दिन पहले साउथ अफ्रीका से लौटने पर वह पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज उसके साउथ अफ्रीकी वेरियंट से संक्रमित होने की पुष्टि हो गई है। लोकनायक अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर ने बताया कि मरीज में महामारी का कोई लक्षण नहीं दिख रहा था, लेकिन सावधानी के तौर पर व्यक्ति को आइसोलेशन में रखा गया है।


कितना खतरनाक है ये स्ट्रेन

  • यूके स्ट्रेन की तरह ही दक्षिण अफ्रीका का स्ट्रेन भी तेजी से फैलने वाला बताया जा रहा है।
  • ये कोरोना का ऐसा स्ट्रेन है जो युवाओं को भी अपनी गिरफ्त में ले रहा है।
  • दक्षिण अफ्रीका में ऐसे केस सामने आए हैं जहां वायरस के नए स्ट्रेन से कम उम्र के लोग भी संक्रमित हुए हैं।
  • द. अफ्रीकी वेरियंट पहली बार दिसंबर महीने में पाया गया था, लेकिन करीब एक महीने पहले तक भारत में इस वेरियंट का एक भी मरीज नहीं था।

 

भारत में ये हैं हालात
बता दें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के 24,492 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,14,09,831 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से  जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में 131 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,58,856 हो गई। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है और अभी 2,23,432 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.96 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक 1,10,27,543 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। हालांकि मरीजों की ठीक होने की राष्ट्रीय दर में गिरावट आई है और वह 96.65 प्रतिशत है।

 

vasudha

Advertising