4 साल तक गैंगरे'प और ब्लैकमेल... जोधपुर में दो बहनों ने की आत्महत्या, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 10:41 PM (IST)

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले के ग्रामीण इलाके से एक रूह कंपा देने वाली और सिस्टम को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां इंसाफ की गुहार लगाते-लगाते दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। करीब दो महीने पहले बड़ी बहन की मौत के बाद अब छोटी बहन ने भी न्याय न मिलने और आरोपियों के बढ़ते हौसलों से तंग आकर अपनी जान दे दी है। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

4 साल तक गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनी बड़ी बहन
मामले की शुरुआत मार्च महीने में हुई, जब बड़ी बहन ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच और मृतका की बहन द्वारा 11 अप्रैल को दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, स्थानीय ई-मित्र केंद्र चलाने वाले महिपाल ने बड़ी बहन का अश्लील वीडियो बना लिया था। महिपाल और उसके साथियों (शिवराज, गोपाल, विजाराम, दिनेश, मनोज और पुखराज) ने इस वीडियो के जरिए उसे करीब चार साल तक ब्लैकमेल किया, उससे पैसे वसूले और उसका गैंगरेप किया। इस प्रताड़ना को न सह पाने के कारण उसने 20 मार्च को दम तोड़ दिया।

छोटी बहन को भी बनाया निशाना, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
बड़ी बहन की मौत के बाद आरोपियों के हौसले इतने बढ़ गए कि उन्होंने छोटी बहन को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने बड़ी बहन के वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर छोटी बहन के साथ भी यौन शोषण किया। छोटी बहन ने पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने एक महीने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोपी खुलेआम उसे धमकी देते थे कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी।

पानी की टंकी पर चढ़कर किया विरोध, फिर पी लिया जहर
अपनी बात अनसुनी होते देख छोटी बहन ने शुक्रवार को एक पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद उसने जहर खा लिया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस दुखद अंत के बाद राजपूत समाज में भारी आक्रोश है। मारवाड़ राजपूत समाज के अध्यक्ष हनुमान सिंह खंगटा ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का सीधा आरोप लगाया है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच का आश्वासन
भारी विरोध प्रदर्शन और तनाव के बीच जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि मुख्य आरोपी महिपाल और एक अन्य आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। फिलहाल, पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम के लिए सहमति दे दी है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News