सच में चली गोलियां या कहानी में गोलमाल!

Thursday, Jan 24, 2019 - 01:16 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली(नवोदय टाइम्स): लेडी डॉन सोनू पंजाबन की कार पर मंगलवार-बुधवार की रात पौने तीन बजे एक अन्य कार में सवार बदमाशों ने फायरिंग की और फरार हो गए, हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। यह जानकारी सोनू पंजाबन ने पुलिस को दी। शुरुआती जांच में पुलिस को सोनू पंजाबन के बयान और घटनास्थल के हालातों में विरोधाभास लग रहा है। पुलिस को शक है कि कहीं ऐसा न हो कि खुद सोनू पंजाबन ही ने अपनी कार पर गोलियां चलवाईं हो।

सोनू पर सेक्स रैकेट चलाने के दर्ज है कई मामलें
पुलिस घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कर रही है। सोनू पंजाबन ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे को शकरपुर स्थित घर छोडऩे के बाद अपने भाई को छोडऩे गीता कॉलोनी गई थी। वहां से लौटते हुए लक्ष्मी नगर पुश्ता रोड पर हमला हुआ। बदमाश फरार हो गए तो उसने पीसीआर को कॉल की। बता दें कि सोनू पंजाबन सात दिन की अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर है। जमानत अवधि खत्म होते ही उसे जेल वापस जाना है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनू पर सेक्स रैकेट चलाने के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वह जमानत पर बाहर आती रही है। कुछ दिन पहले मां के इलाज के लिए अदालत ने एक सप्ताह की अंतरिम जमानत दी है। 

वॉट्सएप पर सेक्स रैकेट-ई वालेट पर पेमेंट
सोनू पंजाबन वॉट्सएप व वीडियो काल पर देह व्यापार का धंधा संगठित तरीके से चलाती रही है। कस्टमर्स से पेमेंट लेने के लिए ई वॉलेट का प्रयोग करती है। फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली खूबसूरत सोनू पंजाबन किसी हीरोइन से कम नहीं है। उसने ब्यूटी पार्लर की आड़ में देह व्यापार का धंधा शुरू किया था। शुरुआत में वह खुद कॉलगर्ल का काम करती थी, धीरे-धीरे और लड़कियों को अपने रैकेट में फंसाना शुरू कर दिया। फार्म हाउसों और होटलों में क्रिकेट से जुड़ी पार्टियों कॉल गर्ल्स सप्लाई करने के दौरान सोनू पंजाबन पुलिस की गिरफ्त में आ गई थी। कुछ टीवी अभिनेत्रियां भी सोनू पंजाबन के सेक्स रैकेट में शामिल थीं। सोनू के ग्राहकों में उद्योगपति, राजनेता और बड़े माफिया भी शामिल हैं। 

10वीं पास गीता अरोड़ा, बन गई सोनू पंजाबन 
गीता अरोड़ा उर्फ  सोनू पंजाबन हरियाणा के एक पंजाबी परिवार की है। उसने 10वीं तक पढ़ाई की और फिर ब्यूटीशियन कोर्स किया।  17 साल की उम्र में उसकी शादी विजय नाम के एक लड़के से हुई जो एक कार चोर था। 2004 में दिल्ली पुलिस ने विजय का एनकाउंटर कर दिया। इसके कुछ दिन बाद ही सोनू पंजाबन के पिता की भी मौत हो गई। पुलिस ने जब उसे पहली बार पकड़ा था तो उसने कहा था कि पैसों के लिए वह सेक्स के धंधे में आ गई है। इसके बाद वह सेक्स रैकेट की लेडी डॉन बन गई। कार्पोरेट कंपनी की तरह वह सेक्स को धंधे को चलाने लगी। कॉल गल्र्स को वह सैलरी पर रखती थी और सेक्स के धंधे से उसने करोड़ों रुपए कमाए। दीपक और हेमंत नाम के दो बदमाशों से उसने शादी की, लेकिन दोनों पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। 

Anil dev

Advertising