सोनिया रणथंम्भोर में मनाएंगी अपना जन्मदिन, प्रियंका गांधी भी आएंगी

punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 11:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभोर में अपना जन्मदिन मनाएंगी जिसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी भी रणथंभोर गए हैं। सोनिया गांधी अपनी चार दिन की राजस्थान यात्रा के लिए आज विमान से नई दिल्ली से जयपुर पहुंची और वहां से हेलीकॉप्टर से सवाई माधोपुर के लिए रवाना हो गई जहां वह कल अपना जन्मदिन मनाएंगी। इस अवसर पर राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के श्रीमती प्रियंका गांधी के भी कल सुबह अपने बच्चों के साथ रणथंभोर आने की संभावना है।

इसके अलावा श्रीमती सोनिया गांधी के जन्मदिन के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के भी रणथंम्भोर पहुंचने की उम्मीद है। श्रीमती गांधी, राहुल गांधी इस अवसर पर अन्य नेताओं से राजनीतिक मसलों पर भी चर्चा कर सकते हैं जिनमें राजस्थान, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हाल में हुए विधानसभा चुनाव एवं उपचुनाव के गुरूवार को घोषित नतीजे भी शामिल होंगे।

इन चुनावों में गुजरात में कांग्रेस को करारी हार मिली है जबकि हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है। श्रीमती गांधी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए भी 10 दिसम्बर को कोटा आ सकती हैं। कल के विश्राम के बाद श्री राहुल गांधी 10 दिसम्बर को बूंदी जिले में गुडली फ़ाटक से अपनी भारत जोड़ो यात्रा को शुरू करेंगे जिसमें श्रीमती सोनिया गांधी के भी सम्मिलित होने के आसार हैं। श्रीमती गांधी 11 दिसंबर को जयपुर से इंडिगो विमान की फ्लाइट से वापस नई दिल्ली लौटेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News