मोदी सरकार को मनमोहन सिंह से बहुत कुछ सीखने की जरूरत: सोनिया गांधी

Thursday, Sep 26, 2019 - 04:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीरवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं। सोनिया ने एक बयान में कहा कि हम राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में मनमोहन सिंह के शानदार योगदान को याद करते हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के बेहतरीन नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि मुश्किल समय में भी भारत प्रतिबद्धित विकास की तरफ बढ़े। मौजूदा समय के शासक उनके नैसर्गिक ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने मनमोहन सिंह के स्वस्थ और समृद्ध जीवन तथा आगे भी राष्ट्र एवं कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहने की कामना की। 

वहीं आईएनएक्स मीडिया मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदम्बरम ने कहा कि अर्थव्यवस्था में छाई मंदी से बाहर निकालने का मार्ग केवल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दिखा सकते हैं और सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि डा. मनमोहन सिंह को जन्म दिन की बधाई। आप 100 वर्ष और इससे अधिक जियें।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि मेरा सरकार से अनुरोध है कि वह डा. मनमोहन सिंह की बातों को सुने। देश की अर्थव्यवस्था में जारी वर्तमान मंदी से निकलने का यदि कोई रास्ता सुझा सकता है तो वह केवल डा. सिंह हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मूल गलती यह है कि वह अर्थव्यवस्था की मंदी पर असर डालने वाले मुख्य कारक को नहीं समझ पायी है। मांग में कमी है, नौकरी, वेतन और विकल्पों को लेकर निराशा बढ़ रही है। बता दें कि सिंह आज 87 साल के हो गए। वह मई, 2004 से मई 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। इसके अलावा एक अर्थशास्त्री के तौर पर भी उन्होंने अलग अलग पदों पर रहते हुए सेवाएं दीं। 

vasudha

Advertising