हेल्थ चेकअप के लिए राहुल के साथ सोनिया गांधी हुईं विदेश रवाना, लौटकर होंगी संसद सत्र में शामिल

Saturday, Sep 12, 2020 - 09:39 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए शनिवार को विदेश रवाना हुईं और उनके साथ राहुल गांधी भी गए हैं। पार्टी महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह जानकारी दी। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए आज विदेश गई हैं। यह चिकित्सा जांच महामारी के कारण टल गई थी। उनके साथ राहुल गांधी भी गए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस मौके पर हम उनकी अच्छी कामना के लिए धन्यवाद देते हैं।'' विदेश जाने से पहले सोनिया गांधी ने शुक्रवार को संगठन में व्यापक बदलाव को मंजूरी प्रदान की। 


बताते चलें कि शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यसमिति में बड़े बदलाव किए हैं। कांग्रेस नेतृत्व की ओर से संगठन में किए गए व्यापक बदलाव के जरिए दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद और तारिक अनवर समेत कई ऐसे नेताओं की पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है जो लंबे समय से 24-अकबर रोड (पार्टी मुख्यालय) पर सक्रिय भूमिका में नहीं थे। सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का पुनर्गठन किया तो इन नेताओं के साथ ही राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, पवन कुमार बंसल और कुछ अन्य नेताओं ने लंबे समय बाद संगठन में सक्रिय भूमिका का आगाज किया।

 

 

Yaspal

Advertising