श्रीलंका संकट पर सोनिया गांधी ने जताई चिंता, जानें क्या कहा?

Sunday, Jul 10, 2022 - 06:48 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने श्रीलंका में बदलती राजनीतिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि पार्टी वहां की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखे हुए है। सोनिया गांधी ने यहां जारी एक बयान में कहा कि श्रीलंका में आर्थिक चुनौतियों, बढ़ती कीमतों और भोजन, ईंधन तथा आवश्यक वस्तुओं की कमी ने लोगों के लिए भारी कठिनाईयां और विपत्ति पैदा कर दी है।

पार्टी गंभीर संकट की इस घड़ी में श्रीलंका और वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करती है। उम्मीद है कि श्रीलंका इन विपरीत परिस्थितियों से उबरने में सक्षम साबित होगा। उन्होंने कहा, 'हम आशा करते हैं कि भारत, श्रीलंका के लोगों और वहां की सरकार को इन कठिन परिस्थितियों से निपटने में सहायता करना जारी रखेगा। कांग्रेस पार्टी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी श्रीलंका को हर संभव सहायता और समर्थन देने का आग्रह करती है।'

Yaspal

Advertising