डाभोलकर, पानसरे की हत्याओं में कुछ समानताएं: सीबीआई

punjabkesari.in Friday, Jun 14, 2019 - 06:17 PM (IST)

मुंबई: केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और महाराष्ट्र सीआईडी ने शुक्रवार को बंबई उच्च न्यायालय से कहा कि उसने तर्कवादी नरेंद्र डाभोलकर और सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद पानसरे की हत्याओं में कुछ हद तक समानताओं का पता लगाया है। न्यायमूर्ति एस सी धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति गौतम पटेल की खंडपीठ को बताया गया कि डाभोलकर मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन अपराध में प्रयुक्त हथियार अब तक बरामद नहीं हो पाया है।

सीबीआई ने अदालत को जानकारी दी कि चार देसी पिस्तौलों को खोजने के लिए एक महीने के भीतर एक अभियान चलाया जाएगा। आरोप है कि आरोपियों ने इन पिस्तौलों को पड़ोसी जिले ठाणे में एक जलाशय में फेंका था। सीबीआई के वकील अनिल सिंह ने अदालत से कहा, ‘हम अभियान चलाने के लिए सरकारी एजेंसियों से जरूरी अनुमति का इंतजार कर रहे हैं।' इसके बाद पीठ ने कहा कि अभियान में देरी नहीं होनी चाहिए और इसे मानसून आने से पहले चलाया जाना चाहिए।

सीआईडी के वकील अशोक मुंडार्गी ने अदालत से कहा कि पानसरे हत्याकांड में मुख्य षडयंत्रकारियों को गिरफ्तार किया गया है और हमलावरों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अदालत डाभोलकर और पानसरे के परिजनों द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी जिसमें सीबीआई और सीआईडी द्वारा की जा रहीं जांच की अदालत द्वारा निगरानी का अनुरोध किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News