सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की प्रेमिका की पीट-पीटकर ह''त्या, बाद में खुद फोन कर बुलाई एंबुलेंस

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 02:48 AM (IST)

पुणेः महाराष्ट्र के पुणे जिले के हिंजवड़ी इलाके में सोमवार तड़के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बाद में खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस बुलाने का अनुरोध किया। पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे उसी क्षेत्र के बुलढाणा जिले का निवासी है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने मीडिया को बताया कि दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और पेशे के कारण ही एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। हालांकि, पिछले दो-तीन महीने से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे।

जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और बाद में हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में डहाले के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं। उन्होंने बताया कि रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। कहासुनी ने तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में कालबांडे ने डहाले पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि कालबांडे ने अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News