तो इसलिए नीतीश को गुजरात से बाढ़ राहत के लिए मदद लेने में नहीं होगी हिचक

punjabkesari.in Wednesday, Sep 06, 2017 - 08:40 PM (IST)

पटनाः एक बार फिर गुजरात बाढ़ ग्रस्त बिहार को 5 करोड़ की मदद दे रहा है। पिछली दफा 2008 की बाढ़ में जब गुजरात सरकार ने मदद की थी। उसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2010 में वापस लौटा दिया था। अब ये संयोग ही है कि 2008 के बाद बिहार में इस साल सबसे ज्यादा तबाही वाली बाढ़ भी आई है।

बताया जा रहा है कि गुरूवार को गुजरात सरकार के राजस्व मंत्री भूपेन्द्रसी चुडसामा पटना में बिहार के सीएम नीतीश कुमार को 5 करोड़ का चेक देंगे। उस दौरान बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहेंगे। बिहार में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। 

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि पुरानी बातों को याद करने से कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में इस साल भयानक बाढ़ को देखते हुए कई राज्यों ने मदद दी है। केवल गुजरात ही नहीं मध्यप्रदेश, झारखण्ड और उत्तर प्रदेश जैसे राज्य मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्रियों ने अपनी सैलेरी का 1 लाख और विधायक 30 हजार दे रहे हैं लेकिन आरजेडी और कांग्रेस की ओर से किसी विधायक ने कुछ नहीं दिया।

गौरतलब है कि कोसी नदी का बांध टूट जाने की वजह से कोसी इलाके में भारी तबाही हुई। इससे पहले 2008 में गुजरात सरकार ने 5 करोड़ की मदद भेजी थी। उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी थे लेकिन 2010 में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक पटना में हो रही थी।

उस दौरान कुछ उत्साही बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पटना में पोस्टर लगा दिया था कि गुजरात ने बिहार को 5 करोड़ की मदद की थी। इससे नाराज मुख्यमंत्री ने गुजरात के पैसे लौटा दिए और बीजेपी नेताओं के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास में होने वाले भोज को भी रद्द कर दिया था।

अब एक बार फिर गुजरात के इस मदद से राजनीति गलियारों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। नीतीश कुमार ने हाल ही बिहार में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई है और उसके बाद वो अब एनडीए में भी दोबारा शामिल हो गए हैं। 2008 के बाद 2017 में गुजरात से मदद मिल रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News