सिगरेट पीते हैं तो यह हकीकत जान आ जाएगा चक्कर, जानें क्यों...

Monday, May 30, 2016 - 05:32 PM (IST)

नई दिल्ली : सिगरेट को लेकर होने वाले नुकसान के बारे में तो आपने बहुत सुना होगा। इसे लेकर हर चेतावनी को भी आपने धुएं में उड़ा दी होगी, लेकिन अब हम आपको जो कुछ बताने जा रहे हैं, यह जानकर आपको चक्कर भी आ सकता हैं। 

एक सर्वे के मुताबिक अगर तीस साल की उम्र से आप रोजाना पांच सिगरेट पीते हैं तो 60 साल की उम्र तक आप को एक करोड़ की चपत लग चुकी होगी। हो गए न हैरान। तो आइए बताते हैं कि आखिर कैसे आप खुद को इतना बड़ा चूना लगा रहे हैं।

दरअसल, औसतन हर एक सिगरेट की कीमत 10-15 रुपये के बीच में होती है। सर्वे कहता है कि अगर 12 रुपए सिगरेट की कीमत मान ली जाए तो औसतन आप महीने में 1800 रुपये खर्च करते हैं। हालांकि सिगरेट पर होने वाला ये खर्च स्थिर नहीं है। पिछले चार साल में सिगरेट की कीमतों में 20 फीसद का इजाफा हुआ है। तंबाकू उत्पादों पर हर वर्ष इजाफा होना तय है। अगर सिगरेट की कीमतों में प्रति वर्ष 8 फीसद का इजाफा मानकर आने वाले 30 साल की गणना की जाए तो धुम्रपान करने वाला शख्स करीब 25 लाख रुपये खर्च करेगा। सिगरेट पर खर्च की जाने वाले इस रकम को अगर 9 फीसद रिटर्न के साथ आंकलन किया जाए तो 30 साल में ये रकम करीब 70 लाख होती है। 

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक सिगरेट पर खर्च की जाने रकम का दूसरा पक्ष मेडिकल ट्रीटमेंट है। धुम्रपान करने वाले शख्स द्वारा मेडिकल खर्च में अगर 12 फीसद की बढ़ोतरी के साथ महीने में 400 रुपए खर्च करने पर 30 साल में ये रकम करीब 11 लाख के करीब होती है। अगर सिगरेट पर खर्च किए जाने वाले इस रकम को 9 फीसद के दर से निवेश करने पर करीब 26 लाख रुपए मिलेंगे। 

अगर धुम्रपान करने वाला शख्स तीस साल के लिए एक करोड़ का बीमा कराता है तो उसे सामान्य तौर पर 460 रुपए अधिक प्रीमियम अदा करना पड़ेगा। इस तरह से उसे 30 साल में करीब दो लाख खर्च करना होगा। अगर उस रकम को 9 फीसद के दर से निवेश करे तो उसे करीब सात लाख रुपए मिलेंगे।

ये है बड़ा नुकसान, ऐसे बचें

इससे भी ज्यादा चिंताजनक तथ्य ये है कि हर दिन पांच सिगरेट की लत आपकी जिंदगी को एक घंटे कम कर देती है। 24 साल तक धुम्रपान करने पर आप अपना एक जन्मदिन मनाने से मरहूम रह जाएंगे। सिगरेट की लत से छुटकारा पाने के लिए आप निकोटीन युक्त च्यूंग गम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आयुर्वेदिक या ई-सिगरेट के जरिए भी कश लगाने पर लगाम लगा सकते हैं।

 

Advertising