BJP ओडिशा में ‘मिशन 120 प्लस’ करेगी पूरा: स्मृति

Tuesday, Jun 26, 2018 - 07:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज कहा कि लोगों के भारी समर्थन के साथ भाजपा ओडि़शा विधानसभा चुनाव में 120 से ज्यादा सीटें हासिल करने का अपना मिशन (मिशन 120 प्लस) पूरा करेगी। उन्होंने दावा किया कि बीजद शासित प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था में नाकामी के संकेतक हैं। ईरानी ने संवाददाताओं से कहा कि लोगों के शानदार समर्थन से भाजपा को अपना लक्ष्य पूरा करने में मदद मिलेगी।  

अमित शाह ने 120 सीटें जीतने का लक्ष्य किया तय 
पिछले साल फरवरी में राज्य के ग्रामीण चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 147 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले चुनाव में 120 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया था। अभी प्रदेश मे भाजपा के 10 विधायक हैं। शाह का एक जुलाई को राज्य की यात्रा पर आने का कार्यक्रम है। यह पूछे जाने पर भाजपा 120 से ज्यादा सीटें जीतने का मिशन कैसे पूरा करेगी, स्मृति ने कहा कि ओडिशा में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कानून व्यवस्था क्षेत्रों में विफलता के संकेतक हैं। दूसरी ओर अन्य राज्यों में भाजपा का सुशासन है। भाजपा विफलता के इन संकेतों के कारण अपना लक्ष्य हासिल करेगी।   

शशिभूषण बेहरा ने किया पलटवार 
वहीं केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य के वित्त मंत्री शशिभूषण बेहरा ने कहा कि हमें स्मृति ईरानी से निजी प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उनसे जुड़े कई विवाद हैं। बता दें कि स्मृति सुबह यहां पहुंचने के बाद शहीद नगर में बुनकर सेवा केंद्र गयीं और बाद में उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों तथा बुद्धिजीवियों की एक सभा में शामिल हुयीं। वह ‘‘ संपर्क फॉर समर्थन ’’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।  

vasudha

Advertising