स्मार्ट सिटी योजना जनवरी में शामिल होंगे और 10 शहर

Friday, Dec 08, 2017 - 11:38 PM (IST)

नई दिल्ली: स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल होने के लिए विभिन्न शहरों के बीच जारी स्पर्धा के अगले चरण में 10 शहरों की घोषणा अगले साल जनवरी में की जाएगी। 

शहरी विकास सचिव डी.एस. मिश्रा ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत शहरी मिशन में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में यह जानकारी दी। मिश्रा ने बताया कि इस चरण की स्पर्धा में 20 शहरों ने भागीदारी की थी। इनमें से 5 शहरों के प्रस्ताव अंतिम तिथि तक प्राप्त नहीं हुए थे। शेष 15 में से स्मार्ट सिटी परियोजना में 10 शहरों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनकी आधिकारिक घोषणा जनवरी, 2018 के अंत में की जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी परियोजना में अब तक 4 चरणों में 90 शहरों को शामिल किया जा चुका है। मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक 5वें चरण की दौड़ में केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 20 शहरों में सबसे ज्यादा 7 शहर उत्तर प्रदेश से, 3 पश्चिम बंगाल से और 2-2 महाराष्ट्र एवं तमिलनाडु से हैं। 

Advertising