मुंबई में कोरोना के नए मामलों में आई मामूली गिरावट, सामने आए 6, 032 नए केस, 12 मरीजों की मौत

Wednesday, Jan 19, 2022 - 08:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महानगरी मुंबई में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट आना जारी है। आज यहां 24 घंटे में कोविड-19 के 6, 032 नए केस सामने आए हैं। हालांकि, इस दौरान कोरोना से 12 मरीजों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। मुंबई में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्‍या 31,856 है। बीते 24 घंटों में  60,291 टेस्‍ट हुए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी दर्ज किया गया है। वहीं, संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब तक 16, 488 पहुंच गई है। मुंबई में 18, 241 लोगों ठीक होकर अपने घरों को लौट गए हैं। मुंबई में मंगलवार को  6,149  केस आए थे, इस संख्‍या में बुधवार को कुछ कमी आई है।  

वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार को बंबई उच्च न्यायालय को सूचित किया कि शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति "नियंत्रण में" है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति एम एस कार्णिक की पीठ को वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल साखरे ने सूचित किया कि मुंबई में कोरोना वायरस की मौजूदा तीसरी लहर में मामलों में धीरे-धीरे गिरावट देखी जा रही है।

साखरे ने पीठ को यह भी बताया कि 15 जनवरी तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शहर में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 84,352 थी जिनमें से सात प्रतिशत रोगियों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ी और तीन प्रतिशत को ऑक्सीजन सपोर्ट और 0.7 फीसदी को वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने नगर निकाय की ओर से एक विस्तृत नोट पेश किया जिसमें इलाजरत मरीजों की संख्या, ऑक्सीजन की आपूर्ति, दवाओं के स्टॉक, अस्पतालों में उपलब्ध बिस्तर आदि का विवरण है।

 

rajesh kumar

Advertising