सोती बच्ची को उठाया, दुष्कर्म किया और सिर कुचलकर मारने की कोशिश करते पकड़ा गया

Tuesday, Jul 16, 2019 - 04:02 AM (IST)

नई दिल्ली: माता-पिता के साथ सो रही 6 साल की एक बच्ची को एक व्यक्ति ने अगवा कर दुष्कर्म किया। जब बच्ची बदहवास हो गई, तो आरोपी ने उसके सिर को कुचलकर हत्या करने की कोशिश की। ये वारदात जनकपुरी में हुई। बताया जाता है कि आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट को बुरी तरह जख्मी कर दिया और कई जगहों पर दात से भी काटा। बच्ची की हालत इस समय गंभीर है। हालांकि मामले में पुलिस ने रेप आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्ची अपने परिजनों के साथ जनकपुरी में रहती है। पिता मजदूर हैं, जबकि मां कूड़ा बीनती है।

रविवार रात बच्ची की मां और पिता खाने के बाद फुटपाथ पर सो गए। उसकी मां ने बताया कि रात 12 बजे तक बच्ची उसके पास ही थी। लेकिन एक बजकर 10 मिनट पर थोड़ी देर के लिए जब उनकी नींद खुली तो बच्ची गायब थी। परिजनों ने टैक्सी स्टैंड पर सो रहे लोगों को उठाया और सभी मिलकर बच्ची को खोजने लगे। तभी एक टैक्सी स्टैंड का ड्राइवर बच्ची को तलाशता हुआ पास ही बने शौचालय के पीछे पहुंचा, जहां एक शख्स बच्ची से दुष्कर्म करने के बाद ईंट से उसके सिर पर वार कर जाने से मारने की कोशिश कर रहा था। 

लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने पाया कि बच्ची के निजी अंग पर चोट के निशान हैं। उसके शरीर पर नाखून और दांत के निशान भी हैं। तुरंत उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि हालत नाजुक होते देख डॉक्टरों की टीम ने उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मेडिकल जांच में बच्ची के साथ रेप की पुष्टि होने के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

Pardeep

Advertising