देश आगे ले जाने के लिए स्किल पहली जरूरत

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 08:25 PM (IST)


चंडीगढ़, 29 नवंबर -(अर्चना सेठी) भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रीय प्रौ़द्योगिकी संस्थान, कुरुक्षे़त्र के 18वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्ता़त्रेय ने कहा कि राष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में पहुंचकर हम सबको गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों के लिए और भी खास व महत्वपूर्ण बन गया है, क्योंकि उन्हें आशिर्वाद देने के लिए एक आदर्श शिक्षिका पहुंची है, जो विकट परिस्थितियों का सामना करते हुए आज देश के संवैधानिक सर्वोच्च पद पर पहुंची हैं।

 बंडारू दत्ता़त्रेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप पेशेवर जीवन में आगे बढ़कर संस्थान का नाम रौशन करें और देशसेवा के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षा के लिए वातावरण बनाने के लिए आधारभूत ढांचा को सुदृढ़ करने का काम किया है।उन्होंने कहा कि आज के युग में अवसरों की कोई कमी नहीं है। इंटरनेट एक ऐसा माध्यम है, जिससे अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य करने में आसानी हुई है। विद्यार्थियों को भी इंटरनेट का उपयोग कर स्वयं को अपडेट और अपग्रेड करने का काम करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिती से हम सब में नव-उत्साह, नई उमंग और प्रेरणा का संचार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माता-पिता भी बधाई के पात्र हैं जिन्होंने उन्हें इस मंजिल तक पहुंचाया है। साथ ही, विद्यार्थियों को तराशकर इस मुकाम पर पहुंचाने वाले शिक्षकों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि 21वीं सदी का भारत दुनिया का सिरमौर बने। इसके लिए उन्होंने मेक इन इण्डिया, डिजीटल इण्डिया, स्टैण्डअप इण्डिया और स्टार्टअप जैसे कार्यक्रम राष्ट्र को दिये हैं। इन सब कार्यक्रमों का आधार स्किल इण्डिया है। स्किल किसी भी क्षेत्र में देश को आगे ले जाने के लिए पहली जरूरत है। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए एन.आई.टी, कुरुक्षेत्र की तरह नवीनतम प्रौद्योगकी की शिक्षा देने वाले ऐसे अनेक संस्थान हरियाणा में स्थापित हो चुके हैं। इनके अलावा कला, वाणिज्य, विज्ञान, प्रबंधन, विधि, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, फाइन आर्ट्स, फैशन व डिजाइनिंग, फिल्म व टेलीविजन, सूचना प्रौद्योगिकी आदि हर क्षेत्र में विश्व स्तरीय व्यावसायिक व रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए उच्चकोटि के संस्थान हरियाणा में विद्यमान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपनी भावी पीढ़ी को ऐसी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो उन्हें रोजगार सक्षम बनाए, चरित्रवान बनाए और उनमें नैतिक गुणों का समावेश करे।इसे साकार करने के लिए नई शिक्षा नीति लागू की है, जिसे वर्ष 2025 तक पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि एन.आई.टी., कुरुक्षेत्र हरियाणा का गौरव है। इस संस्थान की स्थापना क्षेत्रीय इंजीनियरिंग कालेज के रूप में वर्ष  1963 में हुई थी। हरियाणा राज्य इसके लगभग 3 साल बाद 1 नवम्बर, 1966 को अस्तित्व में आया। इस प्रकार इस संस्थान ने मरुस्थलीय क्षेत्र से आधुनिक हरियाणा तक 7 दशकों को हमारे साथ जीया है। इस चमचमाती सड़कों, शानदार इमारतों, बड़े-बड़े उद्योगों वाले हरियाणा के निर्माण में इस संस्थान से निकले दक्ष व कुशल इंजीनियरों का भी बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान पर हमें गर्व है कि जब एन.आई.टी, कुरुक्षेत्र अपना हीरक जयंती वर्ष मना रहा है तो इसे आर्शीवाद देने के लिए स्वयं राष्ट्रपति आई हैं। उन्होंने कहा कि आज ही राष्ट्रपति ने अंतर्राश्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ किया है। वहां आपने हरियाणा की आध्यामिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक वैभव के दर्शन किए। यहां आपके सामने 21वीं सदी के युग की अति आधुनिक तकनीकी शिक्षा से युक्त हरियाणा उपस्थित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला रोहतक के सुनारिया में आईआईएम, कुरुक्षेत्र में नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इर्न्फोमेशन टेक्नोलोजी, कुरुक्षेत्र के उमरी में उत्तर भारत का पहला नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ डिजाइन  और पंचकूला में निफ्ट स्थापित किया गया है। इसी प्रकार, अन्य जिलों में भी ऐसी ही संस्थान स्थापित हुए हैं। सोनीपत और झज्जर में आईआईटी दिल्ली के विस्तार परिसर स्थापित किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 में जब हरियाणा का गठन हुआ तो यहां केवल एक विश्वविद्यालय था लेकिन अब हरियाणा में 56 विश्वविद्यालय खुल चुके हैं। हरियाणा में विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा देने के लिए 41 सरकारी, सोसाइटी व सहायता प्राप्त और 454 निजी बहुतनीकी संस्थान स्थापित हैं। इनके अलावा, 4 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, 89 निजी इंजीनियरिंग कालेज और 4 तकनीकी विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

 मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की बेटियां अपनी प्रतिभा से हर क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं। इसलिए सभी तकनीकी संस्थाओं में लड़कियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। सरकारी बहुतकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं से कोई ट्यूशन फीस नहीं ली जाती है। कॉलेजों व पॉलीटेक्निक्स में छात्रों के लिए निःशुल्क पासपोर्ट सहायता योजना शुरू की गई है। कॉलेजों में लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस भी बनाए जा रहे हैं। उद्योगों की भागीदारी से छात्रों को 4 से 6 महीने का मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News