मुंबई में 'सिंघम गणपति बप्पा' बने आकर्षण का केंद्र, देखने के लिए उमड़ी भीड़
punjabkesari.in Tuesday, Sep 18, 2018 - 02:17 PM (IST)
मुंबईः देशभर में इन दिनों गणेशोत्सव की काफी धूम है। देश के कोने-कोने में पंडाल सजाए गए हैं और बप्पा की पूजा हो रही है। वहीं, मुंबई के 'सिंघम गणपति बप्पा' सभी के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मुंबई पुलिस के इंस्पेक्टर राजेन्द्र काने के घर हर साल बप्पा आते हैं। इस साल भी इंस्पेक्टर राजेन्द्र ने अपने घर पर पुलिस स्टेशन जैसा पंडाल बनाया है और वर्दीधारी गणपति को पुलिस की कुर्सी पर विराजित किया है।
सिंघम गणपति को देखने के लिए इंस्पेक्टर राजेन्द्र के घर लोगों का तांता लगा हुआ है। पुलिस अधिकारी भी बप्पा के दर्शनों के लिए आ रहे हैं। वहीं, बप्पा की मूर्ति के पीछे लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और शिवाजी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
यहां बता दें कि गणेशोत्सव को वर्तमान स्वरूप में लाने में तिलक की अहम भूमिका है। पहले घरों में ही गणेश पूजा होती थी, लेकिन बाल गंगाधर तिलक ने इस महोत्सव को सार्वजनिक तौर पर मनाना शुरू किया।
उन्होंने गणेशोत्सव को धार्मिकता से ऊपर उठाकर छुआछूत दूर करने, पूरे समाज के एक साथ लाने और आजादी की लड़ाई में सभी को एकजुट करने का जरिया बनाया। तिलक के इस प्रयास से ब्रिटिश सरकार हिल गई थी। यही कारण है कि आज गणेशोत्सव के बड़े-बड़े पंडाल सजाए जाते हैं। लोग सभी के साथ मिलकर इस उत्सव को मनाते हैं।
उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र काने ने बॉलीबुड के दंबग स्टार सलमान खान के 2002 में हुए हिट एंड रन केस की जांच-पड़ताल की थी। वे समाज कल्याण और अन्य कामों के लिए भी जाने जाते हैं। इन दिनों इंस्पेक्टर राजेन्द्र मुम्बई के विले पारले पुलिस स्टेशन में तैनात हैं।