Silver Price Prediction 2026: चांदी में धमाका तय? 2026 में इतने लाख प्रति किलो पहुंचेगा Silver...

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 09:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क: साल 2026 की शुरुआत चांदी के निवेशकों के लिए किसी रोलर कोस्टर सवारी से कम नहीं रही है। जहां जनवरी के शुरुआती दिनों में चांदी की चमक ने आसमान छू लिया और इसकी कीमतें 121 डॉलर प्रति औंस (लगभग ₹10,000 प्रति 31 ग्राम) के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गईं, वहीं महीने के अंत होते-होते बाजार में एक ऐसा भूकंप आया जिसने सबको हिलाकर रख दिया। 30 जनवरी को चांदी की कीमतों में 30% की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो बाजार के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट मानी जा रही है।

क्यों फीकी पड़ी चांदी की चमक?
चांदी की इस गिरावट के पीछे कोई औद्योगिक कारण नहीं, बल्कि अमेरिका से उठी राजनीतिक और आर्थिक लहरें थीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा केविन वॉर्श को फेडरल रिजर्व का नया मुखिया चुनने के फैसले ने निवेशकों का भरोसा डॉलर पर बढ़ा दिया। जैसे ही डॉलर मजबूत हुआ और अर्थव्यवस्था में स्थिरता की उम्मीद जगी, निवेशकों ने 'सुरक्षित ठिकाने' के रूप में मशहूर चांदी से अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बिकवाली की ऐसी होड़ मची कि कीमतें धड़ाम से नीचे गिर गईं।

क्या वाकई 5 लाख तक जाएगी कीमत?
बाजार के जानकारों के बीच अब इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि क्या चांदी कभी ₹200 डॉलर प्रति औंस या भारतीय बाजार में ₹5 लाख प्रति किलो के स्तर को छू पाएगी। सुनने में यह आंकड़ा अविश्वसनीय लग सकता है, लेकिन चांदी की दोहरी भूमिका इसे खास बनाती है। यह न केवल निवेश का जरिया है, बल्कि सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक उद्योगों की रीढ़ भी है। अगर भविष्य में चांदी की सप्लाई में कोई बड़ी रुकावट आती है या दुनिया भर के निवेशक एक साथ इसकी ओर दौड़ते हैं, तो ₹3 से ₹4 लाख का स्तर सामान्य और ₹5 लाख का स्तर एक चरम संभावना बन सकता है।

जोखिम और मुनाफे का खेल
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद, 2026 में अब तक चांदी ने शेयर बाजार (S&P 500) के मुकाबले कहीं बेहतर रिटर्न दिया है। चांदी के ईटीएफ (ETF) में निवेश करने वाले लोग अभी भी मुनाफे में हैं, लेकिन जनवरी की गिरावट ने यह सबक भी दिया है कि चांदी जितनी तेजी से मुनाफा देती है, उतनी ही बेरहमी से डूबती भी है। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो जोखिम लेना जानते हैं, लेकिन बिना सोचे-समझे दांव लगाने वालों के लिए यह एक खतरनाक खेल भी साबित हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News