सिक्किमः नाथू ला बर्फबारी में फंसे 2500 पर्यटकों को सेना ने बचाया
Saturday, Dec 29, 2018 - 07:18 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय सेना ने सिक्किम के नाथू ला में हुई भारी बर्फबारी में फंसे 2500 पर्यटकों को बचाया है। ये सभी लोग इस इलाके में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे थे। इन सभी को खाना, शेल्टर और मेडिकल सुविधा मुहैया कराई गई है। बता दें कि शुक्रवार को सिक्किम में हुई बर्फबारी से हजारों पर्यटक फंस गए थे।
भारतीय सेना ने अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए लिखा, 'सेना ने सिक्किम के नाथू ला में 400 से ज्यादा वाहनों में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया है। इन सभी को मेडिकल, खाना और शेल्टर (आवास) उपलब्ध कराया गया है। नाथू ला पूर्वी सिक्किम का पहाड़ी दर्रा है, जोकि समुद्र तल से 4310 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। केवल भारतीय नागरिक ही यहां पर्यटन के लिए जा सकते हैं। इसके लिए गंगटोक से अनुमति लेनी होती है।
#Relief #RescueOperation.#IndianArmy rescued more than 2500 civilians stuck in more than 400 vehicles around Nathula, Sikkim due to heavy snowfall. All were provided food, shelter & medical care last night. #AlwaysWithYou pic.twitter.com/FoaXnGNXQV
— ADG PI - INDIAN ARMY (@adgpi) December 29, 2018
सिक्किम में शुक्रवार को हुई मौसम की पहली बर्फबारी ने पर्यटकों को उत्साह का मौका दिया। आम तौर पर सिक्किम में बर्फबारी जनवरी महीने में शुरू होती है, जबकि राजधानी गंगटोक मे बर्फबारी नहीं होती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर में लाचेन और लाचुंग, दक्षिण में राव रावला और पूर्वी सिक्किम में हनुमान टोंक क्षेत्र में ऊपरी इलाकों मे बर्फबारी हुई। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक अपने होटलों और वाहनों से सड़कों पर निकल गए। राज्य के विभिन्न हिस्सों में दोपहर के समय हल्की, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम बदल गया। मौसम विभाग ने बताया कि बारिष के बाद गंगटोक में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।